दुर्ग में साइबर थाना और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण, नशे के खिलाफ शुरू हुआ ‘संकल्प अभियान’

Follow Us

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग में नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की। करीब 35 लाख रुपये की लागत से महिला थाना सेक्टर-6, भिलाई के समीप बने नए साइबर थाना भवन से दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में साइबर अपराधों की जांच और कार्रवाई को मजबूती मिलेगी।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने साइबर थाना भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश लिखा और रोजनामचा में कार्यक्रम की प्रविष्टि भी की। नए साइबर थाने में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। यहां जटिल साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी होगा। साथ ही साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित सहायता और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ की शुरुआत करते हुए बताया कि अभियान तीन स्तरों पर संचालित होगा। पहले चरण में गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर जागरूकता फैलाई जाएगी। दूसरे चरण में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी। तीसरे चरण में नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

दुर्ग पुलिस ने साइबर सुरक्षा और नशे से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। मानस हेल्पलाइन 1933 और एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने तथा नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।