बिजनौर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, महिला समेत चार डूबे; 12 वर्षीय दिव्यानी को बचाया, तीन की तलाश जारी

Follow Us

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक परिवार के चार सदस्य गंगा में डूब गए। हादसे में 12 वर्षीय दिव्यानी को बचा लिया गया, जबकि 22 वर्षीय महिला समेत तीन लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा निवासी परिवार के सदस्य मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया पत्नी अरविंद कुमार, 17 वर्षीय सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजू सैनी, 16 वर्षीय हर्षित पुत्र प्रमोद और 12 वर्षीय दिव्यानी पुत्री संजीव गंगा में डूब गए।

दिव्यानी को बचाया, तीन की तलाश जारी
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने दिव्यानी को बचा लिया, जबकि डॉली, सूरज और हर्षित का पता नहीं चल सका। तीनों की तलाश के लिए गोताखोरों को गंगा में उतारा गया है। बताया जा रहा है कि डूबने वाले सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, एडीएम अंशिका दीक्षित और एसडीएम प्रशांत वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारी राहत एवं तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

एनडीआरएफ टीम नहीं पहुंचने पर परिजनों में नाराजगी
हादसे के करीब तीन घंटे बाद भी एनडीआरएफ या अन्य विशेष टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी देखने को मिली। परिजन तीनों की तलाश के लिए तेजी से प्रयास किए जाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल गोताखोरों की मदद से गंगा में खोज अभियान जारी है।