मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ में पिछले ‘वीकेंड का वार’ के बाद घर का माहौल एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मंगलवार को हुए खास टास्क में घरवाले रॉकस्टार के अंदाज में दिखाई दिए। इस दौरान काजी तौकीर समेत सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति से मनोरंजन किया। हालांकि, मस्ती के बीच ‘लव डे’ गाने को लेकर स्काउट ओपी और यंग डीएसए के बीच एक बार फिर मतभेद सामने आ गए।
पिछले कुछ हफ्तों से स्काउट ओपी के लिए घर का माहौल चुनौतीपूर्ण रहा है। ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान की समझाइश के बाद स्काउट ने अपनी कथित बहन लव गिल से दूरी बना ली थी। इसके बाद वह आम्रपाली और अपने दोस्त यंग डीएसए के करीब नजर आए। हाल ही में काजी तौकीर ने ‘लव डे’ गाना गाया तो स्काउट ने नाराजगी जताई। उन्होंने यंग से कहा कि काजी का यह गाना उन्हें पसंद नहीं आया और जब काजी गा रहे थे, तब यंग हंस रहे थे। इस पर यंग ने सवाल उठाया कि जब काजी ने ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान के सामने यही गाना गाया था, तब स्काउट ने विरोध क्यों नहीं किया।
मंगलवार को घर में आयोजित खास शो में सभी प्रतिभागियों ने एक-एक कर प्रस्तुति दी। मेकर्स की ओर से जारी प्रोमो में आम्रपाली भोजपुरी गाने पर डांस करती नजर आईं। उनके प्रदर्शन का घरवालों ने आनंद लिया। वहीं माही विज ने भी आम्रपाली की जमकर तारीफ की। दूसरी ओर, रैपर यंग डीएसए ने उदिति सिंह के साथ अपने चर्चित रैप ‘राडे रपाटे’ पर प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने उदिति को अपनी बहन बताया। इसी बीच उदिति ने माही की हाइट और उनके गेम खेलने के तरीके पर तंज कसते हुए डिस किया, जिससे माही को बुरा लगा।
इससे पहले रविवार को ‘वीकेंड का वार’ में मनीष गोयल को मेडिकल कारणों से शो छोड़ना पड़ा था। उनके पैर में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी। मनीष ने बताया था कि उन्होंने बिग बॉस से अपनी परेशानी साझा की थी। डॉक्टरों ने उन्हें चार सप्ताह आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद सलमान खान ने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से मनीष को शो से बाहर होना पड़ेगा।
