पैरोल पर जेल से छूटा हत्या का दोषी 18 साल से फरार, अब कोतवाली पुलिस ने दर्ज की FIR

Follow Us

रायपुर। हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 वर्षों से फरार है। वर्ष 2008 में 10 दिन की पैरोल मिलने पर केंद्रीय जेल रायपुर से रिहा हुआ गणेश देवांगन निर्धारित समय पर वापस जेल नहीं लौटा। लंबे समय तक उसका पता नहीं चलने के बाद अब जेल प्रशासन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर 10 दिनों की पैरोल दी गई थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे जेल में वापस उपस्थित होना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर नहीं लौटा। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।

इस मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार बंदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया। पत्र में बंदी का नाम गणेश देवांगन और जेल क्रमांक 9480/95 दर्ज है। जेल प्रशासन के अनुसार, बंदी के पैरोल अवधि पूरी होने के बाद वापस नहीं आने पर पहले भी पुलिस से पत्राचार किया गया था।

जेल के दस्तावेजों में गणेश देवांगन का पुराना पता रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में मिनीमाता चौक और बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का दर्ज है। पुलिस ने दस्तावेजों और थाना क्षेत्र की सीमा का परीक्षण करने के बाद मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया। इसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और करीब 18 वर्षों से फरार बंदी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।