बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 24 नवंबर को बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में देश की प्रसिद्ध भजन गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत का आनंद देंगी। ‘राम आएंगे’ भजन से देशभर में लोकप्रियता हासिल करने वाली स्वस्ति मेहुल भक्ति संगीत की चर्चित गायिकाओं में शामिल हैं। उनके भजन मंदिरों से लेकर घरों तक पसंद किए जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके गीत को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर चुके हैं। ‘श्यामा आन बसो’, ‘अधरम मधुरम’, ‘ओ कान्हा अब तो मुरली की’ और ‘अरे द्वारपालों’ जैसे भजन श्रोताओं के बीच खास पहचान रखते हैं।
स्वस्ति मेहुल ने प्रदेशवासियों को इस आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल और मां महामाया की नगरी बिलासपुर में 24 नवंबर का अवसर विशेष होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री और लोरमी विधायक अरुण साव के जन्मदिन की पूर्व संध्या को यादगार बनाने के लिए संगीत, भक्ति और उत्साह के साथ यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भजन संध्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम में भजनों की मधुर धुनों और प्रभु श्रीराम के जयकारों के बीच माहौल भक्तिमय होने की उम्मीद है।
