रायपुर। मोवा स्थित आईस्पोर्टज बैडमिंटन एरीना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों से आए 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर साव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन में शारीरिक क्षमता के साथ धैर्य, एकाग्रता, चपलता, तेज नजर और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता जरूरी है। खेल के मैदान में मिलने वाला अनुशासन और अनुभव जीवन में भी उपयोगी होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना और उन्हें देश के लिए पदक जीतने के अवसर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली सहित अन्य पदाधिकारी, खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
