भाटापारा। भाटापारा से मात्र 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम सेमरियाघाट में प्रतिवर्ष लगने वाले विशाल पुन्नी मेले को लेकर जिला पंचायत सभापति श्रीकांत राजा जायसवाल ने गुरुवार को एडिशनल पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार खोमन लाल सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मेले के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं एनडीआरएफ की टीम की तैनाती की मांग की गई, जिससे मेले में आने वाले लाखों दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो एवं उनकी सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीकांत राजा जायसवाल ने कहा कि सेमरियाघाट का पुन्नी मेला पूरे जिले में होने वाला अद्वितीय आयोजन है एवं सभी की आस्था का केंद्र है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां स्नान, दर्शन एवं मेला देखने आते हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं। उन्होंने प्रशासन से मेले में ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का भी आग्रह किया। एडिशनल एसपी खोमन लाल सिन्हा ने ज्ञापन पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि मेले में सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।
जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को चारामा पुलिस ने किया गिरफ्तार
