नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। बुराड़ी इलाके में कथित तौर पर गलत तरीके से छूने का विरोध करने पर 20 वर्षीय युवती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, खजूरी इलाके में 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
बुराड़ी में विरोध करने पर युवती की बेरहमी से हत्या
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 7 नवंबर की रात यह वारदात हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अगले दिन 8 नवंबर को एक खाली प्लॉट के पास युवती का शव बरामद हुआ। स्थानीय दुकानदारों ने उसे सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा देखा था और पुलिस को सूचना दी थी।जांच में सामने आया कि आरोपी प्रमोद सिंह ने कथित तौर पर युवती को जबरन उठाकर पास के खाली प्लॉट में ले जाने की कोशिश की थी। वहां युवती ने उसकी गलत हरकतों का विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गुस्से में उसने किसी वस्तु से युवती पर कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी की पहचान कर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खजूरी में तोहफा देने के बहाने महिला को घर बुलाया
दूसरा मामला दिल्ली के खजूरी इलाके का है, जहां 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि महिला की मौत के बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया।जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ खजूरी थाना क्षेत्र में रहती थी। वहीं, आरोपी इलाके में एक स्कूल के पास दूध की डेयरी चलाता है। महिला के परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को आरोपी ने उसे तोहफा देने के बहाने फोन कर अपने घर बुलाया था।
अस्थमा अटैक से मौत का आरोपी ने किया दावा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी बुजुर्ग ने दावा किया कि गुरुवार रात महिला को अचानक अस्थमा का अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से घबराकर उसने शव को सड़क किनारे फेंक दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।
