रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बना रहा है। यहां लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया। उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने पवेलियन में विभिन्न विभागों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों से बातचीत कर उनके उत्पादों, सेवाओं और नए व्यावसायिक विचारों की जानकारी ली। इस दौरान युवा उद्यमियों के तकनीक आधारित उत्पादों और नवाचारों में विशेष रुचि दिखाई।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही राज्य के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम की झलक भी देखने को मिल रही है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में राज्य की भागीदारी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाना, छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत करना और व्यापार, निवेश तथा तकनीकी सहयोग की नई संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
