आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का हुआ सम्मान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया छत्तीसगढ़ के भविष्य का आधार

Follow Us

रायपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली पाठशाला हैं, जहां से उनके पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की नींव रखी जाती है। सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को पूरा करने में उनके योगदान की सराहना की गई। साथ ही बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई गई।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी जिम्मेदारियां निभाती हैं। वे शासन की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी योजनाओं के माध्यम से पोषण और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और हर गर्भवती महिला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।

सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। समारोह में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।