धमतरी के 108 उपार्जन केंद्रों में कल से शुरू होगी धान खरीदी, पहले दिन 550 किसानों से 20 हजार क्विंटल खरीदने की तैयारी

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसे लेकर धमतरी जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। इन किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी की तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से धान बेचने की व्यवस्था उपलब्ध करा रही है। सरकार ने किसानों को राहत देते हुए फैसला लिया है कि अब 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इस निर्णय से छोटे और सीमांत किसानों के साथ जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को भी लाभ मिलेगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों की 36 बिंदुओं वाली चेकलिस्ट के आधार पर जांच की गई है। इसमें तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, कर्मचारियों की तैनाती, तकनीकी सुविधाओं और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का सत्यापन किया गया।

सभी खरीदी केंद्रों में पेयजल, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमेट्रिक उपकरण और आर्द्रतामापी यंत्रों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पर्याप्त बारदाने, तारपोलिन, प्राथमिक उपचार पेटी और हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। बारिश और नमी से धान को बचाने के लिए भंडारण स्थल और जल निकासी की व्यवस्था भी की गई है। आमदी धान उपार्जन केंद्र में कुल 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं, जिनमें 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदाने शामिल हैं। केंद्र में 1,318 किसान पंजीकृत हैं। यहां 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र और 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित की गई है।

धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों में समर्थन मूल्य, एफएक्यू गुणवत्ता मानकों और धान के नमूनों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही निगरानी समितियों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। 15 नवंबर से धमतरी जिले के सभी 108 केंद्रों में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की आवाजाही बढ़ेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पंजीकृत किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच सके।