मेरठ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मेरठ दौरे पर पहुंचे। अपने करीब दो घंटे 35 मिनट के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक रैली में शामिल हुए। यहां उन्होंने सैनिकों के शौर्य, समर्पण और बलिदान को नमन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल भी गए। बाद में वह राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास पहुंचकर उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे कार्यक्रम स्थल और मुख्यमंत्री के आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
हिंदू नेता सचिन सिरोही नजरबंद
मुख्यमंत्री की रैली से पहले अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। सचिन सिरोही के मुताबिक, उनका उस दिन कोई कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के कथित विवादित बयान को लेकर जनसभा से पहले उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।सचिन सिरोही ने आरोप लगाया कि सुबह आठ बजे से ही उनके घर पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
आरवीसी ग्राउंड से स्टेडियम पहुंचे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर सुबह 11:50 बजे आरवीसी ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर उतरना था। हालांकि, हेलिकॉप्टर कुछ देरी से पहुंचा। इसके बाद मुख्यमंत्री कुलवंत सिंह स्टेडियम के लिए रवाना हुए और पूर्व सैनिक रैली में शामिल हुए।कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री आरवीसी ग्राउंड से हेलिकॉप्टर के जरिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से शास्त्रीनगर स्थित राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास जाएंगे और उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर में सीसीएसयू के हेलीपैड से अलीगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां उन्हें राज्यमंत्री संदीप सिंह के सगाई समारोह में शामिल होना है।
शाम पांच बजे तक माल रोड पर भारी वाहनों की नो एंट्री
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मेरठ की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, माल रोड पर शाम पांच बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान मवाना जाने वाले भारी वाहनों को लालकुर्ती मार्ग से निकाला जाएगा। पूर्व सैनिक रैली में शामिल होने आने वाली बसों को कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति दी गई है। वहीं, बाइक और कारों का आवागमन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा।
एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभाल रहे सुरक्षा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति और एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कुलवंत सिंह स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। आरवीसी ग्राउंड, कुलवंत सिंह स्टेडियम, सीसीएसयू और शास्त्रीनगर तक मुख्यमंत्री के पूरे रूट पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
