आस्था कुंज पार्क गैंगरेप केस में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, तीन आरोपी नामजद; 57 गवाहों के बयान शामिल

Follow Us

दिल्ली।  दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। शुक्रवार को दाखिल चार्जशीट में मोहम्मद आसिफ, हेमंत सिंह और मुकेश सिंह को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 57 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। चार्जशीट में आरोपियों के खिलाफ कई अहम सबूत भी पेश किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को हुई इस घटना के दौरान तीनों आरोपी कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर पार्क में पहुंचे थे। उन्होंने किशोरी और उसके पुरुष मित्र को पुलिस का डर दिखाकर धमकाया और दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से चाकू की नोक पर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

CCTV फुटेज में दिखाई दिए आरोपी
चार्जशीट में बताया गया है कि पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीनों आरोपी कई बार घूमते हुए दिखाई दिए। घटना वाले दिन शाम को भी उन्हें पार्क में देखा गया था। जांच के दौरान पीड़िता ने तीनों आरोपियों की पहचान की। उसने पुलिस को बताया कि वारदात के दौरान आरोपियों के बीच हुई बातचीत से उसे उनके निकनेम याद रह गए थे।

पार्क में दोस्त के साथ बैठी थी किशोरी
चार्जशीट के अनुसार, कालकाजी मंदिर जाने के बाद किशोरी अपने दोस्त के साथ आस्था कुंज पार्क पहुंची थी। दोनों एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे तीन युवक वहां पहुंचे और उनसे पूछताछ करने लगे। आरोप है कि उन्होंने किशोरी के दोस्त को थप्पड़ मारा और खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।पुलिस के मुताबिक, जब किशोरी ने अपनी मां से बात कराने की मांग की तो आरोपियों ने उसे पिस्तौल दिखाकर धमकाया। इसके बाद वे उसे जबरन पार्क के अंदर एक अंधेरी और सुनसान जगह पर ले गए। पीड़िता के बयान के अनुसार, वहां दो आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

CDR, हथियार और फॉरेंसिक रिपोर्ट अहम सबूत
पुलिस ने चार्जशीट में आरोपियों की लोकेशन साबित करने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को अहम साक्ष्य बताया है। रिकॉर्ड के अनुसार, घटना वाली शाम आरोपी पार्क के अंदर मौजूद थे। जांच में यह भी सामने आया कि पार्क के भीतर रहते हुए आसिफ ने अपने दोनों साथियों को फोन किया था।इसके अलावा, पार्क के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों को कथित तौर पर घटना के बाद वहां से जाते हुए देखा गया। पुलिस ने आरोपियों के कपड़े, कथित वारदात में इस्तेमाल हथियार और फरार होने के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।जांच के दौरान पार्क से कंडोम और अन्य नमूने भी एकत्र किए गए। चार्जशीट में इन सबूतों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट भी शामिल की गई है। अब अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान इन सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया चलेगी।