कोरबा। दुकान के गल्ले से 30 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत पर करीब एक महीने तक कार्रवाई नहीं हुई। मामला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तक पहुंचने के बाद दर्री पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने डांडपारा निवासी संदेही सुरेंद्र बरेठ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(1) और 305(A) के तहत अपराध दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के डांडपारा में दुकान संचालित करने वाले संतोष दास दीवान ने शिकायत में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 से 11:15 बजे के बीच दुकान के गल्ले से 30 हजार रुपये गायब हो गए। घटना के समय वे नहाने गए थे। वापस लौटने पर गल्ले में रखी नकदी नहीं मिली।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने संदेही सुरेंद्र बरेठ के उनकी गैरमौजूदगी में दुकान के अंदर आने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने दर्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब एक महीने तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में कोरबा प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश के बाद दर्री थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज कराई। मामले की जांच उप निरीक्षक रविन्द्र निकुंज को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
