दुर्ग। शहर के वार्ड क्रमांक 31 स्थित सिद्धार्थ नगर हरिजन पारा में शुक्रवार दोपहर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत 26 वर्षीय अविनाश उर्फ नासो परिहार पर आरोपियों ने पहले आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर चाकू से सिर, सीने और हाथ पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना कांग्रेस भवन के पास शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अविनाश को सुनसान जगह पर बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से हमला कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, अविनाश सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले घर आया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। उसकी पत्नी ने तलाश शुरू की। बाद में चाकूबाजी की घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
