दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में नगर निगम के एक सफाईकर्मी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सिद्धार्थ नगर के समीप पुराने आबकारी विभाग भवन के पास स्थित मैदान में हुई इस वारदात के सिलसिले में पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिग युवकों को हिरासत में लिया है। मृतक के परिजनों ने हत्या में किसी वयस्क व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताते हुए विस्तृत जांच की मांग की है।
शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) के रूप में हुई है। उनका शव गंभीर रूप से घायल अवस्था में मैदान के पास मिला था। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने बताया कि अविनाश सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वे ड्यूटी पर चले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने एक परिचित से अविनाश के संबंध में जानकारी ली। परिचित ने बताया कि वह कुछ लड़कों के साथ बैठे हुए हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन इसी दौरान हत्या की सूचना मिली।
खरना 2026: छठ पूजा के दूसरे दिन इन नियमों का रखें ध्यान, जानें पूजा विधि- व्रत के जरूरी नियम
घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करने वाले मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब दो बजे अपने मामा के घर पहुंचा था। मामी से पूछने पर जानकारी मिली कि अविनाश हाजिरी दिलाने गए हैं। इसी बीच वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि अविनाश मैदान के पास स्थित एक ऑफिस में हैं, जहां अक्सर कई लड़के बैठे रहते हैं। अरमान के अनुसार, जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो उसे अपने मामा की आवाज सुनाई दी। अविनाश किसी से कह रहे थे कि “कितना बड़ा गुंडा है तू, मार चाकू मार।” आवाज सुनकर वह मौके की ओर दौड़ा तो अविनाश जमीन पर पड़े हुए थे और दो नाबालिग युवक उनके गले पर चाकू से वार कर रहे थे। अरमान को देखते ही दोनों युवक घटनास्थल से भाग निकले।
अरमान ने पुलिस को बताया कि उसने वारदात के दौरान दो ही युवकों को चाकू मारते देखा था। उसके मुताबिक, पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिग वही हैं, जिन्हें उसने घटनास्थल पर देखा था। दोनों संदिग्ध उसी मोहल्ले के निवासी हैं और उसके परिचित भी हैं। हत्या के पीछे संभावित कारणों को लेकर नशे से संबंधित पुराने विवाद की बात भी सामने आई है। अरमान ने किसी अन्य पुराने विवाद की जानकारी होने से इनकार करते हुए बताया कि एक संदिग्ध युवक ने पूर्व में उसे नशा करवाने का प्रयास किया था। इसकी जानकारी मिलने पर अविनाश ने नाराजगी जताई थी और संबंधित युवक को मारने की बात कही थी कि उसने उनके भांजे को नशे की ओर क्यों लगाया। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ था।
खरना 2026: छठ पर्व के इस खास दिन अपनों को भेजें शुभकामनाओं से भरे ये प्यारे संदेश
हालांकि, इस विवाद का हत्या से संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इधर, मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने हत्या में केवल नाबालिगों के शामिल होने की बात पर संदेह व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि अविनाश के पेट पर इतने गंभीर वार किए गए थे कि उनकी आंतें तक बाहर आ गई थीं। उन्होंने आशंका जताई कि वारदात में किसी वयस्क व्यक्ति की भूमिका हो सकती है और नाबालिगों को सामने किया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस से इस आशंका की भी गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
घटनास्थल पर पुलिस को खून के निशानों के अलावा पानी से भरा एक लोटा मिला, जिसमें खून मिला हुआ दिखाई दे रहा था। मौके पर कुछ चप्पलें भी पड़ी मिली हैं। पुलिस इन वस्तुओं सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिग युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या का वास्तविक कारण, पुराने विवाद की भूमिका और वारदात में अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
