अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर ठगी का खुलासा और चोरी की संपत्ति बरामदगी में किया बेहतर काम, फांसी लगाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति की भी बचाई जान
कवर्धा। कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव की पहल ‘COP OF THE MONTH’ के तहत अक्टूबर 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें दो निरीक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं। चयनित पुलिसकर्मियों ने अपराधों के निराकरण, साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की संपत्ति बरामदगी, आदतन बदमाशों पर कार्रवाई और संकट में फंसे व्यक्ति की जान बचाने जैसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
अक्टूबर माह के लिए थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा, साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, कवर्धा पैंथर-2 के आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा तथा साइबर थाना के आरक्षक पूरन डाहिरे और अमित ठाकुर का चयन किया गया है। निरीक्षक लालजी सिन्हा ने थाना प्रभारी के रूप में 197 अभियोग पत्र तैयार किए और 30 गुम इंसानों को तलाशने में सफलता हासिल की। इसके अलावा 490 लोकल शिकायतों और 82 सदरी शिकायतों का निराकरण किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 35 आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिनमें से 19 को जेल भेजा गया।
वहीं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर ने साइबर ठगी के कई मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दूसरे राज्यों से उनकी गिरफ्तारी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने चोरी और झपटमारी के मामलों में भी आरोपियों की पहचान तथा संपत्ति बरामदगी में योगदान दिया। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में प्रभावी विवेचना के चलते विशेष न्यायालय ने आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा ने 20 अक्टूबर 2026 को फांसी लगाने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति की जान बचाई थी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और समय रहते व्यक्ति को बचा लिया।
साइबर थाना के आरक्षक पूरन डाहिरे ने सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण से चोरी के मामलों में आरोपियों की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई। थाना कवर्धा के एक मामले में आरोपियों को महाराष्ट्र के भुसावल से गिरफ्तार कराने में योगदान दिया। इसके अलावा पोड़ी चौकी और सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी तरह आरक्षक अमित ठाकुर ने तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के डकैती के प्रकरण और पंडरिया थाना क्षेत्र के चोरी के मामले में आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी में सराहनीय योगदान दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने ‘COP OF THE MONTH’ पहल के माध्यम से बेहतर परिणाम देने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की व्यवस्था शुरू की है। इसका उद्देश्य पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ाना, अपराध नियंत्रण को मजबूत करना और आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा एवं त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।

