छठ पूजा पर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मी होंगे तैनात; इन जिलों पर रहेगी विशेष नजर

Follow Us

दिल्ली। दिल्ली में छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। 15 और 16 नवंबर को होने वाले छठ महापर्व के आयोजनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

पूर्वी, उत्तर पूर्वी और शाहदरा जिलों पर विशेष नजर
छठ पूजा के दौरान यमुना घाटों के साथ-साथ तालाबों और उन सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिलों को विशेष निगरानी में रखा गया है। इन इलाकों में छठ पूजा के दौरान भारी भीड़ जुटती है, जिसे देखते हुए पुलिस ने भीड़ प्रबंधन की विशेष योजना तैयार की है। सभी जिला पुलिस उपायुक्तों ने छठ पूजा आयोजकों और स्थानीय समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की है। इन बैठकों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों पर सहमति बनाई गई।

यमुना घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए यमुना घाटों पर विशेष पुलिस टीमें तैनात रहेंगी। तालाबों और जलाशयों के आसपास भी सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग के साथ प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल भी तैयार रहेंगे।

आयोजकों के साथ मिलकर बनाई गई योजना
दिल्ली पुलिस ने छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों। पुलिस प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं।