बीजापुर के दुर्गम गांवों तक पहुंचा प्रशासन, कलेक्टर ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

Follow Us

बीजापुर। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याएं जानने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने ग्राम केरपे एवं करकेली में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान अधिकारियों ने कृषि, रोजगार, आजीविका और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

फसल परिवर्तन और आधुनिक खेती अपनाने की अपील
जनचौपाल में कलेक्टर विश्वदीप ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एक ही फसल लगातार लेने के बजाय फसल चक्र अपनाने और स्थानीय जलवायु के अनुकूल अलग-अलग फसलों की खेती करने की सलाह दी। साथ ही नारियल, पाम प्रजाति के पौधों और उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।उन्होंने किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन, कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, श्रम कार्ड और वीबी-जी राम जी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही कृषि के अलावा अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने की अपील की।

बस्तर फाइटर भर्ती में शामिल होने युवाओं को किया प्रेरित
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने युवाओं से संवाद कर बस्तर फाइटर भर्ती और उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने पात्र युवाओं को भर्ती के अवसरों का लाभ उठाने और क्षेत्र की सुरक्षा एवं विकास में भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान ग्राम केरपे में थाना खोलने के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।

बस्तर मुन्ने अभियान से हर पात्र व्यक्ति को जोड़ने पर जोर
जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने बस्तर मुन्ने अभियान के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आधार कार्ड बनवाने और आवश्यक दस्तावेज अपडेट कराने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के तहत तालाब गहरीकरण, खेल मैदान समतलीकरण और अन्य सामुदायिक विकास कार्यों के जरिए गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

करकेली में धान खरीदी केंद्र की दी जानकारी
ग्राम करकेली में आयोजित जनचौपाल में किसानों को धान खरीदी केंद्र और शासन की धान खरीदी व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

दूरस्थ गांवों में प्रशासन की पहुंच से ग्रामीणों को मिल रहा लाभ
जनचौपाल में ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिला। ग्राम केरपे में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम भूपेंद्र गावरे, तहसीलदार, जनपद पंचायत भोपालपटनम के सीईओ और एसडीओपी कुटरू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, करकेली में एसडीएम अमिय श्रीवास्तव, तहसीलदार सूर्यकांत घरात, जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक तम्बोली और एसडीओपी फरसेगढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर विकास की मुख्यधारा में शामिल करना है।