हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी; पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में बढ़ी ठंड, आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

Follow Us

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि सुबह के समय कई शहरों में धुंध और कोहरे की स्थिति बनने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।पंजाब में आज सुबह कोहरा छाया रहा, वहीं कई शहरों में हल्की बारिश भी हुई है। जिस कारण ठंड बढ़ गई है। वहीं, मध्य प्रदेश में गुरुवार रात राज्य के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ और कानपुर समेत करीब 20 शहरों में कोहरा देखने को मिला। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हरदोई में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। राज्य के सात जिलों में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों में तापमान शून्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। केदारनाथ में पारा माइनस 8 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 7 डिग्री, गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के पांच जिलों में शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके बाद 18 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में गिरते तापमान के कारण आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।