चींटी-चमगादड़ पढ़ाते महीन पाठ- विजय मिश्रा

Follow Us

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को स्वच्छता के मामले में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला इसके साथ ही साथ जनमन तथा जीव-जंतु हितैषी एक और खबर पढ़ने को मिला कि दीपावली के दो दिन बाद भी वन्य प्राणियों और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की दृष्टि से नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी -जू को पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इन खबरों को पढ़कर लगा कि प्रदेश प्रशासन जाग रहा है। प्रदेश में स्वच्छता एवं पर्यावरण- प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रशासन की जागरूकता बढ़ रही है। अब जनता के जागने की बारी है, लेकिन जनता जाग जाए तो ऐसी खबरों में अगर सच्चाई के बजाए कहीं अगर-मगर कभी भी होगी तो प्रशासन की नींद जनता हराम कर देगी। खैर मेरे जैसे कितने ही लोग बार-बार आंखें मसल- मसल कर आस पास नजर घुमाए होंगे, माथे पर शिकन लाते हुए सोचे होंगे क्या सचमुच रायपुर में स्वच्छता का ग्राफ बढ़ रहा है? बढ़ गया है? और अगर बढ़ गया है, तो उसमें शासन- प्रशासन और जनता का कितना योगदान है? जीव – जंतुओं के संरक्षण में किसका- कितना योगदान है? यह सोचते हुए एक और खबर पर मेरी नजर पड़ी जिसे पढ़कर मुझे ज्ञात हुआ कि तमिलनाडु के मयिलादुथुराई जिले के पेराम्बुर गाँव में लोग दीपावली पर पूजा पाठ तो करते हैं। रंगोली तो सजाते हैं। दीया तो जलाते हैं, किंतु नाममात्र को भी पटाखा नहीं फोड़ते हैं। किसी भी तरह की आतिशबाजी नहीं करते हैं। सैकड़ों वर्ष पुरानी इस परंपरा के पीछे पवित्र उद्देश्य यही है कि निरीह, बेजुबान पशु-पक्षियों की दैनिक दिनचर्या, वंशवृद्धि में किसी भी प्रकार की बाधा ना हो। पेराम्बुर गाँव में वर्षों पुराना एक विशाल बरगद का वृक्ष है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में चमगादड़ वास करते हैं। उल्लेखनीय है कि चमगादड़ कभी भी अकेले नहीं बल्कि कुनबे के साथ चलते हैं, रहते हैं। पुराने दरख्तों की शाखाओं पर उल्टे लटके हुए चमगादड़ों का कुनबा सीख देता है कि परिवार के लोग मिलकर रहेंगे तो फायदे में रहेंगे। रात्रिचर प्राणी चमगादड़ मनुष्य की तरह स्तनधारी जीव होते हैं। अधिकांश लोग उन्हें पक्षी समझते हैं, पर वे पक्षियों की तरह अंडे नहीं देते बल्कि इंसानों की तरह सीधे बच्चे देते हैं और अपने बच्चों को दूध पिलाते हैं। पर्यावरण संरक्षण और पेड़- पौधों की वंशवृद्धि में विशेषकर चमगादड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे विभिन्न किस्म के फलों को मुंह में दबाए दूर-दूर तक ले जाते हैं और फिर खा कर बीजों के विकिरण का कार्य करते हैं। अनेक फूलों के परागकण को भी दूर-दूर तक फैलाते हैं। प्रकृति-मानव हितकारी उनकी ऐसी निःशुल्क सेवा का मान रखते हुए, उनकी उपादेयता को बनाए रखने के लिए तमिलनाडु राज्य के अनेक गाँवों-कस्बों में आतिशबाजी नहीं की जाती है। ग्रामीणजनों का मानना है कि पटाखों की तेज आवाज और धुएं का असर चमगादड़ जैसे प्रकृति हितैषी जीवों के लिए घातक है, अतः उनकी सुरक्षा करना इंसानों का नैतिक दायित्व है। सृष्टि के रचयिता ने चींटी से लेकर चमगादड़ तक छोटे-बड़े जीव जंतुओं को बनाया है, जो कि किसी न किसी रूप में मानव जीवन के लिए उपयोगी और आवश्यक है। एकता में बल का पाठ नन्ही चींटियां पढ़ाती हैं। मिट्टी को भुरभुरी बनाने, मृत जीवों को खाकर पर्यावरण स्वच्छता बढ़ाने में छोटी चींटी की बड़ी भूमिका है। चींटी की बार- बार-बार गिरना फिर दीवारों पर चढ़ना मानव समुदाय को आत्म बल और सतत प्रयास की प्रेरणा देती है। ऐसी महीन बातों को मनन करते हुए तमिलनाडु राज्य के ग्रामीणजनों ने बहुजन हिताय बहुजन सुखाय की नीति को अपनाया है। बिजली की तारों में चमगादड़ों को चिपके हुए भी अनेक लोगों ने देखा होगा है, दरअसल चमगादड़ अपने पैने नाखून युक्त पंखों से दो तारों को पकड़ लेते हैं जिससे बिजली करंट से झुलस जाते हैं। अन्य पक्षी बिजली के एक ही तार पर बैठते हैं जिससे करंट का सर्किट पूरा नहीं हो पाता फलस्वरूप बिजली करंट लगने से वे बच जाते हैं। तार पर मृत लटके बेचारा चमगादड़ तब भी जनमन को लापरवाही से परे सतर्कता बरतने का संदेश देते हैं। ऐसे परोपकारी जीवों की सुरक्षा, घर- परिवार के सदस्यों सहित पास पड़ोस में निकटता और शहर- नगर की स्वच्छता का संदेश देते हुए दीपोत्सव 2026 बीत गया। आने वाले दीपोत्सव को और बेहतर बनाने का संकल्प लेने के लिए किसी कविराज की पंक्तियां जन-जन को प्रेरित करते हुए कह रही है- कुछ कर गुजरने के लिए मौसम नहीं मन चाहिए, साधन सभी जुट जाएंगे, बस संकल्प का धन चाहिए।