मनचाही पोस्टिंग से सरकारी ठेकों तक का खेल! होटल कारोबारी पर कई अफसरों और ठेकेदारों से वसूली के आरोप

Follow Us

रायपुर । होटल कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े कथित धोखाधड़ी और वसूली के मामले में अब नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग दिलाने से लेकर पीडब्ल्यूडी, वन विभाग और पर्यटन मंडल में सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर रकम लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले की जांच का दायरा बढऩे के साथ रायपुर पुलिस अब दीपक को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान दीपक ने अच्छी पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर कई पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया था। कथित तौर पर इस मामले में चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), तीन डीएसपी और थाना प्रभारियों सहित कई अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन अधिकारियों ने मनचाही पोस्टिंग की उम्मीद में उसे रकम दी थी, लेकिन किसी का काम नहीं हुआ। बाद में पैसे वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। चर्चा है कि एक एएसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों की रकम फंस गई। दावा यह भी है कि बाद में कुछ अधिकारी रकम की वसूली के लिए उसके होटल तक पहुंचने लगे थे।

कभी IAS तो कभी IPS बनकर करता था फोन
शिकायतों के मुताबिक, दीपक लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए कभी खुद को आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारी बताता था, तो कभी किसी विभाग का कमिश्नर या एमडी बनकर फोन करता था। सरकारी ठेके दिलाने, ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेने के आरोप हैं। इसके अलावा कई ठेकेदारों और सप्लायरों को कथित तौर पर धमकाकर रकम मांगने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

पीडब्ल्यूडी और वन विभाग के ठेकों का भी झांसा
दीपक पर कोयला कारोबार के साथ पीडब्ल्यूडी, वन विभाग और पर्यटन मंडल में ठेके दिलाने के नाम पर ठेकेदारों और सप्लायरों से पैसे लेने के आरोप हैं। बताया जाता है कि वह संबंधित विभागों के लोगों को वरिष्ठ अधिकारी बनकर फोन करता था। अपना प्रभाव दिखाने के लिए बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल करता था। लोगों को बातचीत के लिए अपने होटल में बुलाने की भी बात सामने आई है।

होटल के कमरों में खुफिया कैमरों की चर्चा
इस मामले में होटल के कमरों में कथित तौर पर खुफिया कैमरे लगाए जाने की बात भी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि इन कैमरों का एक्सेस दीपक और उसके साले के मोबाइल में था तथा होटल में आने वाले लोगों की गतिविधियों और बातचीत पर नजर रखी जाती थी। हालांकि, कमरों में कैमरे लगाए जाने और रिकॉर्डिंग किए जाने संबंधी इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच में इस पहलू की पड़ताल भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पत्नी के मोबाइल में मिले कथित चैट और स्क्रीनशॉट
दीपक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी गिरफ्तार किया है। बुधवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बरखा का मोबाइल जब्त कर उसकी जांच की है। मोबाइल से पूर्व मंत्री, आईएएस और डीएसपी से जुड़ी बातचीत के कथित चैट और स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी सामने आई है। फोटो गैलरी में भी कई लोगों से संबंधित बातचीत के स्क्रीनशॉट मिलने की बात कही जा रही है।
फिलहाल पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। दीपक को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाकर पूछताछ किए जाने के बाद मामले में और जानकारियां सामने आने की संभावना है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।