अक्षय कुमार संग विवाद की खबरों पर राजपाल यादव का बड़ा खुलासा, बताया वायरल वीडियो का सच

Follow Us

मुंबई। राजपाल यादव और अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म की कास्ट प्रमोशन में व्यस्त है। इस दौरान बीते दिनों एक वीडियो सामने आया, जिसमें अक्षय कुमार राजपाल यादव को साइड में करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद अक्षय नेटिजेंस के निशाने पर आ गए थे। अब इस कंट्रोवर्सी पर खुद राजपाल यादव का रिएक्शन सामने आया है। आपको बता दें की वायरल हुआ वीडियो फिल्म के प्रमोशन के दौरान का था। जहां ‘भूत बंगला’ की टीम टीवी सीरियल ‘नागिन’ के सेट पर पहुंची थी। वीडियो में अक्षय कुमार, प्रियंका चाहर चौधरी, एकता कपूर और कनिका मान साथ पोज देते हुए नजर आ रहे हैं।

इसी दौरान दिखता है कि जब वीडियो में अक्षय कुमार राजपाल यादव को साइड में खड़े होने के लिए कहते हैं। जिसे कई नेटिजन्स ने अपमान के तौर पर लिया और अक्षय पर निशाना साधने लगे। हालांकि, राजपाल ने इन दावों को खारिज करते हुए घटना के पीछे का कारण बताया। अब राजपाल यादव ने एएनआई से बात करते हुए मामले के पीछे की सच्चाई बताई है। उन्होंने कहा कि उस दिन के विवाद की बात करें तो अक्षय और एकता दोनों बाकी दो लड़कियों के साथ आए थे। मुझे देर हो गई थी और वे मेरा इंतजार कर रही थीं। जैसे ही मैं दौड़ता हुआ आया, मैं लड़कियों के बीच में आ गया। अक्षय पाजी मुझसे कह रहे थे कि हम महिलाओं को बीच में रखेंगे, मैं एक तरफ खड़ा होऊंगा और वह दूसरी तरफ। अक्षय की ग्रुप फोटो में महिलाओं को प्राथमिकता देने की पुरानी आदत के कारण उन्होंने ऐसा किया। राजपाल यादव ने आगे कहा कि यह दरअसल अक्षय पाजी के गहरे नैतिक मूल्यों को दर्शाता है। मुझे नहीं पता कि दूर से लोगों ने क्या सोचा। दरअसल, अक्षय का यह तरीका है कि जब तीन लड़कियां और दो लड़के होते हैं, तो तीनों लड़कियां हमेशा बीच में होती हैं, एक लड़का एक तरफ और दूसरा लड़का दूसरी तरफ होता है।

वहीं अक्षय के साथ अपने जुड़ाव पर राजपाल ने कहा कि अक्षय पाजी और मैं ‘मुझसे शादी करोगे’ से लेकर ‘भूत बंगला’ तक, हम दोनों ने एक-दूसरे पर दस बार चिल्लाया होगा, दस बार रिहर्सल की होगी। असल जिंदगी में वो मुझसे प्यार करते हैं, मैं उनसे प्यार करता हूं, और मैं उनसे कहीं न कहीं प्रेरणा लेता हूं। हम एक-दूसरे के अभिनय को जानते हैं और हम एक-दूसरे का बहुत सम्मान करते हैं। अक्षय कुमार और राजपाल यादव की जोड़ी कई हिट फिल्मों का हिस्सा रही है। इसमें ‘फिर हेरा फेरी’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी कई लोकप्रिय फिल्में शामिल हैं। अब दोनों प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित ‘भूत बंगला’ में एक बार फिर साथ आ रहे हैं। इस फिल्म में अक्षय और राजपाल के अलावा तब्बू, परेश रावल, वामिका गब्बी और असरानी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।