बस्तर की खास आमट सब्जी, बिना तेल-घी के होती है तैयार; स्वाद और सादगी बनाती है इसे खास

Follow Us

छत्तीसगढ़ के बस्तर की पहचान सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता और आदिवासी संस्कृति ही नहीं, बल्कि यहां के पारंपरिक खानपान से भी है। यहां की खास सब्जी ‘आमट’ अपने अनोखे स्वाद और बनाने के सरल तरीके के लिए जानी जाती है। इसे मौसमी सब्जियों, बांस की कोमल कोंपलों और खट्टी सामग्री से तैयार किया जाता है। आमट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पारंपरिक तरीके से बिना तेल, घी और छौंक के बनाया जा सकता है। इसमें सब्जियों को पानी में उबालकर पकाया जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए लहसुन, मिर्च, इमली और नमक मिलाया जाता है। कुछ जगहों पर इसे गाढ़ा बनाने के लिए चावल के आटे का इस्तेमाल भी किया जाता है।

इसमें इस्तेमाल होने वाली बांस की कोमल कोंपलों को स्थानीय भाषा में बास्ता या करील कहा जाता है। आमट को मुख्य रूप से चावल के साथ परोसा जाता है। इसका हल्का खट्टा स्वाद और प्राकृतिक खुशबू इसे दूसरी सब्जियों से अलग बनाती है। बस्तर की यह पारंपरिक डिश बताती है कि स्वादिष्ट भोजन बनाने के लिए हमेशा ज्यादा तेल, घी या महंगे मसालों की जरूरत नहीं होती। स्थानीय सामग्री और पारंपरिक तरीके से भी लाजवाब स्वाद तैयार किया जा सकता है।