जगदलपुर । शहर के गीदम रोड पर सोमवार देर रात एक कबाड़ी दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान में रखे कबाड़ ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, गीदम रोड स्थित भुवन कबाड़ी दुकान में देर रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग लगने के कारणों और दुकान में हुए नुकसान का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
