यूट्यूब से सीखी ट्रांसफार्मर चोरी की तरकीब, पुलिस ने एक नाबालिग समेत 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Follow Us

बालोद। यूट्यूब से ट्रांसफार्मर चोरी करने का तरीका सीखकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बिजली विभाग की शिकायत पर पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलतराई, घोठिया और ठेमाबुजुर्ग गांवों से बिजली विभाग के पांच ट्रांसफार्मर चोरी हुए थे। इस मामले में बिजली विभाग के करहीभदर और डौंडी में पदस्थ जूनियर इंजीनियरों ने डौंडी पुलिस से शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदेह के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन और ट्रांसफार्मर के अंदर लगाए जाने वाले कलपुर्जे बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी का बाकी सामान किसे बेचा गया, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने मनीषकांत कोर्राम (19), डोमेंद्र निषाद (19) और लोकेश पूरामें (22) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।