रायपुर। दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब राजधानी की हवा में साफ दिखाई दे रहा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण शहर में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। रविवार देर रात करीब 1 बजे रायपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1513 दर्ज किया गया। इस दौरान कई इलाकों में सड़कों पर धुएं और धुंध की मोटी परत दिखाई दी। वहीं, 9 नवंबर की दोपहर अलग-अलग मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म पर AQI 183 से 222 के बीच दर्ज किया गया।
9 नवंबर की सुबह 5:10 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर में PM-10 का स्तर 339 और PM-2.5 का स्तर 280 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। हवा में मौजूद बारीक प्रदूषक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
आंकड़ों के मुताबिक, 7 नवंबर को रायपुर का AQI 88 था, जो 8 नवंबर को बढ़कर 101 और 9 नवंबर को दोपहर 1 बजे 183 पहुंच गया। वहीं, पिछले वर्षों में दीपावली के दौरान AQI 2024 में 279 और 2025 में 149 दर्ज किया गया था। इस साल दीपावली से पहले AQI करीब 197 बताया गया था।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने, जरूरत पड़ने पर N95 मास्क पहनने और घर में धूल जमा होने से रोकने की सलाह दी गई है। सांस के मरीजों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही कचरा, प्लास्टिक और पत्तियां जलाने से बचना चाहिए। आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

