दुर्ग। छत्तीसगढ़ के चर्चित समोदा अफीम कांड का खुलासा कर सुर्खियों में आए सरपंच अरुण गौतम अब खुद कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। पुलिस ने उन्हें प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ व्हाट्सएप स्टेटस पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन इस कार्रवाई की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
मामले में समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख की शिकायत और एसडीएम दुर्ग के ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई की। सरपंच के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गौरतलब है कि मार्च 2026 में समोदा गांव में लाखों अफीम के पौधों की अवैध खेती का खुलासा हुआ था। इस मामले में पुलिस को सूचना देने में अरुण गौतम की अहम भूमिका रही थी। इसके बाद मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई थी।
पुराने विवादों के चलते सरपंच को पहले बाउंड ओवर किया गया था। आरोप है कि उन्होंने दोबारा अधिकारियों के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर इसकी शर्तों का उल्लंघन किया। इसके बाद एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किया गया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
