पैसों की हवस ने बनाया कातिल! जशपुर में मासूम की बेरहम हत्या, शरीर के अंग निकालकर खेत में दफनाया शव

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में एक 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी से मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था और जल्द अमीर बनना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर अधिक पैसे कमाने के तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का खौफनाक विचार आया।

जांच के अनुसार, 5 नवंबर को आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। उसने बच्चे को शराब पिलाई और उसके नशे में सो जाने के बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शरीर के कुछ अंग निकालकर बाल्टी में रखे और शव को कंबल व बोरी में लपेटकर खेत में पानी से भरे गड्ढे में छिपा दिया।

7 नवंबर को बच्चे के परिजनों को खेत में उसका शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव, चाकू, फावड़ा और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।