दुर्गं। भट्टी थाना क्षेत्र में संरक्षित वन्य जीव कोबरा सांप के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में क्षेत्र निवासी ल. ध्रुवेय ने थाना भट्टी और वनमंडल दुर्ग में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, देवरत कर उर्फ बिट्टू द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर ऐसे वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें वह कोबरा सांप को हाथ में लेकर और मुंह के पास ले जाकर लोगों के बीच प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि कोबरा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्य जीव है। इसे पकडऩा, अपने पास रखना या इसके साथ खिलवाड़ करना कानूनन अपराध हो सकता है। इस तरह के वीडियो से समाज में गलत संदेश जाने के साथ ही वन्य जीव की जान को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
शिकायत में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 और 125 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन के साथ कथित वीडियो और स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस और वन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

