15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, सरगुजा के 61 केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में

Follow Us

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। इसे लेकर सरगुजा जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के सभी 61 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष जिले में कुल 62 हजार 471 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। वहीं, कुल 67 हजार 929.40 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में पहले से संचालित 54 धान उपार्जन केंद्रों के अलावा 7 नए केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है।

नए केंद्र खुलने से किसानों को मिलेगी राहत
जिले में 7 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन में लगने वाला समय और खर्च कम होगा। साथ ही किसानों को धान विक्रय में अधिक सुविधा मिलेगी।

उपार्जन केंद्रों में सुविधाओं पर विशेष ध्यान
दरिमा धान उपार्जन केंद्र में भी खरीदी की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। समिति के सत्यम कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है। इसके लिए केंद्र परिसर की साफ-सफाई के साथ पेयजल, बैठने के लिए छाया और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दरिमा समिति में करीब 885 किसान पंजीकृत हैं। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। खरीदी शुरू होने से पहले बाकी तैयारियां भी पूरी कर ली जाएंगी।