नवंबर का महीना त्योहारों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। इस दौरान धनतेरस, छोटी दिवाली, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। त्योहारों के चलते देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में कई दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपने शहर में बैंक की छुट्टियों की जानकारी जरूर ले लें।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) हर साल बैंक अवकाश की सूची जारी करता है। इसमें अलग-अलग राज्यों और शहरों के अनुसार छुट्टियों की जानकारी दी जाती है। नवंबर 2026 में भी त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण कई जगहों पर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। आइए जानते हैं धनतेरस से भाई दूज तक कब और कहां बैंक बंद रहेंगे।
6 नवंबर को धनतेरस पर खुले रहेंगे बैंक
6 नवंबर 2026 को शुक्रवार के दिन धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा। हालांकि, इस दिन RBI की छुट्टियों की सूची के अनुसार बैंक बंद नहीं रहेंगे। ऐसे में ग्राहक बैंक शाखाओं में जाकर अपने जरूरी काम निपटा सकते हैं।
7 नवंबर को छोटी दिवाली पर भी सामान्य कामकाज
7 नवंबर को छोटी दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन भी बैंक खुले रहेंगे और सामान्य रूप से कामकाज होगा। ग्राहक कैश जमा करने, निकासी, चेक और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए शाखाओं में जा सकेंगे।
8 नवंबर को रविवार के कारण बंद रहेंगे बैंक
8 नवंबर को बड़ी दिवाली का त्योहार रविवार को पड़ रहा है। इस वजह से देशभर में बैंक साप्ताहिक अवकाश के चलते बंद रहेंगे।
9 नवंबर को इन शहरों में बंद रहेंगे बैंक
9 नवंबर को दिवाली और गोवर्धन पूजा से जुड़े अवकाश के चलते कुछ शहरों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इस दिन अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, इंफाल, जयपुर, कानपुर, लखनऊ और रायपुर में बैंक बंद रहेंगे।
10 नवंबर को इन शहरों में बैंक हॉलिडे
10 नवंबर को भी त्योहारों के चलते कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज नहीं होगा।
11 नवंबर को भाई दूज पर यहां बंद रहेंगे बैंक
11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर भी कुछ शहरों में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। इस दिन गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक बंद रहेंगे।
बैंक जाने से पहले जरूर चेक करें छुट्टियों की लिस्ट
बैंक की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों और शहरों के अनुसार निर्धारित होती हैं। इसलिए जरूरी नहीं है कि जिस दिन एक शहर में बैंक बंद हों, उसी दिन देश के सभी शहरों में भी बैंकिंग सेवाएं बंद रहें। ऐसे में बैंक जाने से पहले RBI की आधिकारिक छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें।
हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सुविधा मिलती रहेगी। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने, बैलेंस चेक करने और कई अन्य ऑनलाइन काम किए जा सकते हैं। इसलिए त्योहारों के दौरान बैंकिंग से जुड़ी परेशानियों से बचने के लिए जरूरी काम पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा।
