रायपुर। नगर निगम रायपुर के मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक 47 में 35 लाख रुपये से अधिक के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी में 16 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन एवं उद्यान का लोकार्पण रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ की उपस्थिति में किया गया।
इस दौरान वार्ड में चार विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इनमें सरदार प्रीतम सिंह सैनी स्कूल का मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य 6.70 लाख रुपये, गोंदपारा में सीसी नाली एवं पुलिया निर्माण 9.52 लाख रुपये, श्यामनगर में सीसी नाली निर्माण एवं कव्हर्ड कार्य 9.62 लाख रुपये तथा वृद्धा आश्रम से जल विहार कॉलोनी नाला तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य 9.41 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा ने तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी भवन के ऊपरी तल के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये का स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की। इस अवसर पर वार्ड पार्षद संतोष साहू सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पार्षद संतोष साहू ने वार्डवासियों की ओर से जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
