रायपुर। सार्वजनिक बहस को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नक्सलवाद के मुद्दे पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर किसी भी मंच पर और किसी भी समय खुली बहस करने के लिए तैयार हैं। बहस का स्थान, मंच और समय राहुल गांधी अपनी सुविधा के अनुसार तय कर सकते हैं।
विजय शर्मा ने कांग्रेस के कुछ नेताओं के नक्सलवाद को लेकर दिए गए बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता नक्सलियों को अपना हीरो बताते हैं, जबकि झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की जान गई थी। उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वे नक्सलवाद के मुद्दे पर सार्वजनिक बहस की इस चुनौती को स्वीकार करेंगे।
