राहौद पुलिस की कार्रवाई, 500 किलो महुआ लहान मौके पर किया नष्ट

Follow Us

जांजगीर-चांपा । जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र राहौद और खरौद पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम धरदेही की धनवार बस्ती में दबिश देकर करीब 500 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया। लावारिस हालत में मिले इस महुआ लहान को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अवैध शराब निर्माण और भंडारण की सूचना पर संयुक्त टीम ने ग्राम धरदेही की धनवार बस्ती में रेड कार्रवाई की। इस दौरान 20 पीले रंग के डिब्बों में करीब 500 किलो महुआ लहान रखा मिला। मौके पर इसका कोई दावेदार नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने अवैध शराब बनाने में उपयोग होने वाले महुआ लहान को नष्ट कर दिया।

पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में एएसआई राजेंद्र क्षत्रिय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक ओमकार वर्मा एवं चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।