o पुरानी रंजिश में युवक के पेट और कमर पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो; पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
कांकेर। शहर में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात से दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर को सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे भंडारीपारा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार संजयनगर निवासी शानो आनंद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 नवंबर की रात करीब 11 बजे महादेव वार्ड निवासी अनमोल सारथी उसके घर पहुंचा और उसके बेटे आयुष आनंद से पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी ने जेब से धारदार चाकू निकालकर जान से मारने की नीयत से आयुष के पेट और कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक लहूलुहान होकर घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता और शहर में वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी जितेन्द्र साहू के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अनमोल सारथी पिता स्व. ईश्वर सारथी (21 वर्ष) को भंडारीपारा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, मारपीट और धमकी सहित चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 351(3) एवं 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक कौशल साहू तथा आरक्षक रोशन राठौर, रामप्रसाद साहू, देवदत्त कड़ियाम एवं पुरन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सुशासन की सरकार में एनएचएम कर्मचारियों को बड़ी राहत की उम्मीद
