अम्बिकापुर के माखन विहार मुख्य मार्ग का 1.55 करोड़ रुपये से होगा डामरीकरण, सड़क निर्माण कार्य शुरू

Follow Us

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र में माखन विहार मुख्य मार्ग का 155.09 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण किया जा रहा है। मंजू किराना दुकान से शिव मंदिर तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को सड़क निर्माण के तहत डब्ल्यूएमएम (वेट मिक्स मैकडम) का काम प्रारंभ किया गया। सड़क का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस मार्ग का उपयोग करने वाले स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और अन्य नागरिकों को रोजाना आने-जाने में राहत मिलेगी। सड़क के उन्नयन से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी और शहरी अधोसंरचना मजबूत बनेगी।

डामरीकरण से पहले डब्ल्यूएमएम प्रक्रिया के तहत निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री की परत तैयार की जाती है। इससे सड़क का आधार मजबूत होता है और उसकी भार सहने की क्षमता एवं टिकाऊपन बढ़ता है। इस प्रक्रिया के बाद निर्माण के अगले चरण पूरे कर सड़क पर डामरीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। माखन विहार मुख्य मार्ग का निर्माण इसी पहल का हिस्सा है। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।