रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग की स्टॉल पर प्रदेश की आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। यहां समावेशी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी। स्टॉल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे बदलावों को प्रदर्शनी में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। इसमें STEM शिक्षा, अटल टिंकरिंग लैब, कंपोजिट लैब, SCERT की उपलब्धियां, मुस्कान पुस्तकालय, डिजिटल लाइब्रेरी, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और स्मार्ट शिक्षण जैसे विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा।
STEM, ATL और कंपोजिट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास के जरिए पढ़ाई को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की पहल भी दिखाई जाएगी। SCERT के शिक्षक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिलेगा।
इसके साथ ही NCC, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा। समावेशी शिक्षा के तहत प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
