रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलेनो सवार 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी से लौट रहा था। हादसे में घायल महिला और दोनों बच्चे श्याम नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के चलते वे भी घायल हुए, लेकिन हादसे के बाद कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर तेलीबांधा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्कोडा कार जब्त कर फरार युवकों की तलाश शुरू कर दी।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे से कुछ समय पहले स्कोडा सवार युवक एमजी रोड के सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनका वीडियो बनाया था। हालांकि, युवकों के नशे में होने और इसका दुर्घटना से संबंध होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
