जगदलपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन, सात विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

Follow Us

जगदलपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के प्रशिक्षण हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान महापौर संजय पाण्डे, जिला पंचायत सदस्य एवं खेल समिति सभापति बनवासी मौर्य, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे युवाओं और कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज सहित सात विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वेशभूषा में छिंदावाड़ा की बिट्टो नाग और कुंम्बती मौर्य ने प्रथम, जबकि बास्तानार की ज्योति ने द्वितीय स्थान हासिल किया। चित्रकला में जगदलपुर के सोमनाथ कंवर प्रथम और बस्तर के लोकनाथ कश्यप द्वितीय रहे। क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में बास्तानार के शिव सेठिया ने पहला और जगदलपुर की साईमा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में कृष्णा राज प्रथम और भोजराज साहू द्वितीय रहे।

लोकनृत्य प्रतियोगिता में दरभा के मानसाय एवं साथी प्रथम और किलेपाल के गणेश राम एवं दल द्वितीय स्थान पर रहे। लोकगीत में बास्तानार की बत्ती मंडावी ने पहला तथा दरभा की निरमनी नाग ने दूसरा स्थान हासिल किया। नुक्कड़ नाटक में लोहण्डीगुड़ा के मैथिली करतामी एवं साथी प्रथम और जगदलपुर के जितेन्द्र एवं उनकी टीम द्वितीय रही। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए 22 सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था।

समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दलीय स्पर्धाओं में प्रथम स्थान पर 4 हजार और द्वितीय स्थान पर 3 हजार रुपये, जबकि एकल स्पर्धाओं में प्रथम को 1500 और द्वितीय को 1000 रुपये दिए गए। सभी विधाओं के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी 1 से 7 दिसंबर तक बिलासपुर में होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।