रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर बताया। उनके अनुसार, भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं ही देश की ताकत हैं। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने सभी से मिलकर सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
