जगदलपुर। कोंटा नगर पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर शुक्रवार को नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में बूथ स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इनमें चुनाव प्रभारी रामाश्रय सिंह और सह प्रभारी संग्राम सिंह राणा एवं जमुना मांझी विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठकों में बूथ कमेटियों की स्थिति की समीक्षा की गई और पिछले चुनाव के परिणामों का विश्लेषण करते हुए आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, वार्ड स्तर पर संगठन मजबूत करने और योग्य प्रत्याशियों की पहचान करने पर जोर दिया गया।
चुनाव प्रभारी रामाश्रय सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी सक्रियता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष सहित सभी 15 वार्डों में जीत हासिल करेगी। वहीं, सह प्रभारी संग्राम सिंह राणा ने योग्य प्रत्याशियों के चयन और सरकारी योजनाओं के प्रचार में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से भी संगठन और चुनावी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में जमुना मांझी, हूंगाराम मरकाम, संजय सोढ़ी, महेंद्र सिंह भदोरिया, सुभाष चतुर्वेदी, पी. विजय नायडू, सोयम मुक्का और कुसुमलता कवासी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत बनाने के सुझाव दिए।
