चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में सभी 40 उम्मीदवार वर्तमान विधायक हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। इससे पहले उनके निर्वाचन क्षेत्र में बदलाव किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन पार्टी ने उन्हें धुरी से ही उम्मीदवार घोषित किया है।
उम्मीदवारों की सूची जारी करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई। बैठक में चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। इसके बाद पार्टी ने अपनी पहली सूची सार्वजनिक की।सूची में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी उम्मीदवार बनाया गया है। उन्हें लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, एसएएस नगर से कुलवंत सिंह, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिंपा और फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। वर्तमान में इनमें से 94 सीटों पर आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में पहली बार अपनी सरकार बनाई थी। इसके बाद भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती होगी। वहीं, राज्य में कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या, बेरोजगारी और आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दे चुनाव के दौरान महत्वपूर्ण रह सकते हैं। इन विषयों पर विपक्षी दलों की ओर से भी सरकार को घेरने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद पंजाब की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
