रायपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को आवागमन में सुविधा देने और स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए बिहार की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके साथ ही सात पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
4 से 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म नंबर 7 से चलेंगी ट्रेनें
रेलवे प्रशासन के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक निम्नलिखित ट्रेनें रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना होंगी।
- 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस
- 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस
- 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री गुढिय़ारी साइड के प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 तक पहुंच सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान ट्रेन पकडऩे के लिए प्लेटफॉर्म की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें और समय रहते स्टेशन पहुंचें।
7 पैसेंजर ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच
त्योहारी सीजन में जनरल श्रेणी के यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक सात पैसेंजर ट्रेनों में अस्थायी रूप से दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाने का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों में शामिल हैं:
- 58201 बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर
- 58202 रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर
- 58207 रायपुर-जूनागढ़ रोड पैसेंजर
- 58208 जूनागढ़ रोड-रायपुर पैसेंजर
- 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर
- 58205 रायपुर-इतवारी पैसेंजर
- 58206 इतवारी-रायपुर पैसेंजर
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे के इस फैसले से दीपावली और छठ पूजा के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले और छोटे स्टेशनों से ट्रेन पकडऩे वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले प्लेटफॉर्म और ट्रेन संबंधी जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है।
