कोरबा। जिले के दादर क्षेत्र में एक घर के अंदर एक साथ दो बेहद विषैले अहिराज सांप मिलने से हड़कंप मच गया। परिवार ने सूझबूझ दिखाते हुए वन विभाग और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने करीब डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें उनके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया।
प्रजनन अवस्था में थे दोनों सांप:
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 8:30 बजे की है। घर के अंदर एक साथ दो सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जितेंद्र सारथी ने स्थिति का निरीक्षण किया तो पता चला कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में थे। ऐसी स्थिति में उन्हें जबरन अलग करना जोखिम भरा हो सकता था। इसे देखते हुए जितेंद्र सारथी ने परिजनों को समझाइश दी और सांपों को प्राकृतिक रूप से अलग होने तक इंतजार करने का निर्णय लिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सांपों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई।
बालोद में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का खतरा, भारी बारिश के अलर्ट के बीच अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
डेढ़ घंटे बाद दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू:
करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हो गए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने सावधानीपूर्वक एक-एक कर दोनों का रेस्क्यू किया। दोनों सांपों को सुरक्षित डिब्बों में रखने के बाद वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास घने जंगल में छोड़ दिया गया।
भारत के विषैले सांपों में शामिल है अहिराज:
जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज को अंग्रेजी में Banded Krait कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है। यह भारत में पाए जाने वाले विषैले सांपों में शामिल है। इसके शरीर पर काले और पीले रंग की चमकीली पट्टियां होती हैं, जो इसे आसानी से पहचानने योग्य बनाती हैं।
रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर ट्रक बना आग का गोला, दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा
यह सांप मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है और सामान्यतः मनुष्यों से दूरी बनाए रखता है। जितेंद्र सारथी के अनुसार प्रजनन के दौरान दो सांपों का इस तरह एक साथ दिखाई देना अपेक्षाकृत दुर्लभ है। ऐसी स्थिति में उन्हें छेड़ना या जबरन अलग करने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। इसलिए धैर्य और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद जरूरी है।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें:
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सही समय पर उठाए गए सावधानीपूर्ण कदमों से इंसानों और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
पटवारी संघ की चार सूत्रीय मांगों को विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने बताया जायज
