कोरिया की 162 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंचों का प्रशिक्षण शुरू, विकसित ग्राम पंचायत प्लान बनाने की मिलेगी जानकारी

Follow Us

कोरिया। जिले की 162 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित वार्ड पंचों को वीबी-जीरामजी योजना के क्रियान्वयन और विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। सोमवार को जिला पंचायत के मंथन कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण के पहले दिन सोनहत जनपद पंचायत की 42 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच शामिल हुए। मास्टर ट्रेनरों ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से सरल हिंदी में योजना के प्रावधानों, लाभों और स्थानीय जरूरतों के अनुसार ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की जानकारी दी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं की सफलता में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वार्ड पंचों की सहभागिता से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का चयन करने, उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने वार्ड पंचों से ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर उसे आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहे हैं।

श्रीवास ने बिहान योजना का जिक्र करते हुए बताया कि जिले की कई ग्रामीण महिलाएं इस योजना से जुड़कर लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने वार्ड पंचों से जरूरतमंद महिलाओं को बिहान से जोड़ने और सफल हितग्राहियों की कहानियां साझा करने का आग्रह किया। वर्ष 2047 तक ग्रामीण भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य के तहत कोरिया जिले में वार्ड पंचों का प्रशिक्षण पूरे सप्ताह अलग-अलग समूहों में आयोजित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों के सरपंचों का प्रशिक्षण पिछले महीने पूरा हो चुका है।