जगदलपुर। मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत नि:शुल्क बस सेवा शुरू की है। रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर महाराज कमल चंद्र भंजदेव की मौजूदगी में इस सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सुविधा 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच उपलब्ध रहेगी। सीमित रेल सुविधाओं के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे रवाना होगी। वहीं, दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए बस सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे चलेगी। यह व्यवस्था पांच दिनों तक लागू रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी।
रोटरी क्लब के सचिव अंकित गोयल ने बताया कि बस सेवा केवल एकतरफा यात्रा यानी ड्रॉप सुविधा के लिए है। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को वापसी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसी तरह दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाले श्रद्धालुओं को भी निर्धारित समय के अनुसार यात्रा करनी होगी। क्लब के उपाध्यक्ष और परियोजना चेयरमैन संग्राम सिंह राणा ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट आशा’ का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा को जोड़कर श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधी दिक्कतों से राहत देना है। परियोजना के संचालन और समन्वय में संयुक्त सचिव सप्तगिरि मद्दी की भी भूमिका है। क्लब ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रस्थान स्थल, समय-सारिणी और एकतरफा यात्रा की शर्त को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा तय करें। शुभारंभ के अवसर पर रोटरी क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
