रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, स्मृति मंधाना करेंगी टीम की कप्तानी

Follow Us

रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। श्रृंखला का पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को आयोजित होगा। तीनों मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे। इस सीरीज के जरिए रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को एक ही सप्ताह में तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। भारतीय महिला टीम के रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम भी तय किया गया है।

भारतीय टीम की अगुवाई स्मृति मंधाना करेंगी, जबकि शेफाली वर्मा उप-कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम 12 अक्टूबर को अभ्यास करेगी, जबकि जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और अगले दिन अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी।

मैचों के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थानीय सहायता समिति गठित की गई है। इसमें पुलिस, खेल, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं। दर्शकों को ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। ई-टिकट स्कैनिंग के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। सुरक्षा के लिए स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।

आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। वीआईपी आवाजाही और आपातकालीन जरूरतों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी। दमकल सेवाओं, आपातकालीन रास्तों, बिजली और मोबाइल नेटवर्क को सुचारु रखने की तैयारी भी की गई है। एनजीटी ने 2 जुलाई 2026 के अंतरिम आदेश में रायपुर सहित तीन स्टेडियमों में अनुमति के बिना खेल गतिविधियों पर रोक लगाई थी। बाद में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन की अनुमति मांगे जाने पर तीन मैचों के लिए आदेश में संशोधन कर स्वीकृति दी गई।