उदया कार्यक्रम में गूँजा महिला सशक्तिकरण का स्वर, नवाचार और उद्यमिता से बदलेंगी महिलाएं

Follow Us

रायपुर। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला चेम्बर), जन शिक्षण संस्थान रायपुर और भावसार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के “विमतारा’ में महिला उद्यमिता पर केंद्रित एक भव्य कार्यक्रम “उदया’ सफल आयोजन बुधवार को संपन्न हुआ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग) द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीचंद सुंदरानी, तिलोकचंद बरड़िया एवं हर्षिता पांडे उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर प्रदेश की नारी शक्ति को उद्यमिता के पथ पर अग्रसर होने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि और छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला चेम्बर) की अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता ने अपने संबोधन में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आज की महिला सिर्फ घर की धूरी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की शक्ति है। ‘उदया’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक संकल्प है उन महिलाओं के लिए जो अपनी आँखों में सपनों के साथ समाज में बदलाव लाना चाहती हैं। जब एक महिला उद्यमी बनती है, तो वह न केवल अपने परिवार को सहारा देती है, बल्कि कई अन्य परिवारों के लिए रोजगार के द्वार भी खोलती है। हमें पारंपरिक सोच की बेड़ियाँ तोड़कर नवाचार को अपनाना होगा। छत्तीसगढ़ की मिट्टी में वह सामर्थय है कि यहाँ की बेटियों ग्लोबल मार्केट में अपनी पहचान बना सकें। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला के पास हुनर हो और उस हुनर को व्यापार में बदलने का साहस हो।