दुर्ग। राजीव भवन, दुर्ग में 3 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण एवं भिलाई के अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के विभिन्न सहयोगी दलों के पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान अरुण वोरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची से जुड़े सवालों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वोरा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल लोकतंत्र, संविधान तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संस्थाओं की मजबूती के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात जनता तक पहुंचाना आवश्यक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 अक्टूबर को गांधी प्रतिमा से कलेक्टोरेट स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जाएगा। मार्च में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के पदाधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
